सिरसागंज थाना क्षेत्र में ट्रिपल राइडिंग परिवार के लिए घातक साबित हुई। पति और दो बच्चों के साथ पिता के घर जा रही महिला की उखांड़ के समीप ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। जबकि इस हादसे में उसका पति और बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। परिवार को जब इस हादसे की खबर लगी तो परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
मूलरूप से नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव हरगनपुर निवासी साधना यादव (35) अपने पति ब्रजेश तथा बेटा मोहित (14) व पुत्री ऋति (5) के साथ बाइक से अपने पिता प्र्रेम सिंह के घर जसबंतनगर थाना क्षेत्र के गांव नगला पियर जा रही थी। बाइक पर सवार चारों लोग थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव उखाड़ के समीप पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दंपति बच्चों सहित सड़क पर जा गिरे और गंभीर रुप से घायल हो गए।
दुर्घटना होते ही चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर जब तक परिवारीजन जिला अस्पताल पहुंचे तब तक साधना की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पीएम के लिए रखवा दिया है। थानाध्यक्ष सिरसागंज का कहना है कि पीड़ित परिवारीजनों की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।