फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर के नसीरपुर में मंगलवार की शाम इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत पर परिजनों ने हंगामा किया। इसे देख इलाज करने वाला व्यक्ति परिवार सहित कहीं भाग गया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतक के परिजनों ने आरोपी रामदास को झोलाछाप बताते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जुटी है।
थाना बसई मोहम्मदपुर के नसीरपुर निवासी राजकुमार उर्फ भूरा (28) पुत्र श्रीकिशन के मंगलवार दोपहर बाद अचानक पेट में दर्द हुआ था। दर्द होने पर गांव के रामदास के पास उपचार को ले गए थे। उसने उपचार शुरू कर दिया। इस दौरान उसने किसी(परिजनों) को भी पास नहीं जाने दिया। बाद में उसकी मौत हो गई। आरोप है कि वह अपने परिवार के साथ भाग निकला। वहीं, राजकुमार के परिजनों ने क्लीनिक पर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर थाना प्रभारी बसई मोहम्मदपुर सारदेव सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के संबंध में मृतक के चाचा सत्य प्रकाश की तहरीर पर बिना डिग्री धारक रामदास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष बसई मोहम्मदपुर सारदेव सिंह ने कहा कि युवक की मौत के मामले में उपचार करने वाले रामदास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
एक बेटा और दो बेटियां हैं राजकुमार को
फिरोजाबाद। राजकुमार उर्फ भूरा के परिजनों ने बताया कि उसके एक बेटा श्रीओम (नौ) एवं दो बेटी शिवानी (छह), प्रीती (चार) है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।