स्वागत द्वार गिरने से घायल युवक की मौत, परिजन ने लगाया जाम
20 अप्रैल को हुई थी घटना, जयपुर में चल रहा था इलाज, विधायक के आश्वासन पर माने लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। कोटला रोड स्थित रामद्वार के समीप 20 अप्रैल को लोहे का स्वागत द्वार गिरने से घायल हुए युवक नमन की उपचार के दौरान जयपुर में मौत हो गई। शुक्रवार शाम परिजन शव को लेकर फिरोजाबाद पहुंचे। गुस्साए परिजन और क्षेत्रीय लोगों ने पेमेश्वरगेट से चंद्रवारगेट की ओर जाने वाले मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सदर विधायक के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला।
उत्तर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटला रोड स्थित रामद्वार के समीप लोहे का मुख्य स्वागत द्वार गिरने से लेबर कॉलोनी निवासी तरुन (25) और उसका दोस्त नमन (26) निवासी मालवीय नगर पेमेश्वरगेट थाना दक्षिण 20 अप्रैल को घायल हुए थे। हादसा उस वक्त हुआ जब नमन अपने दोस्त तरुन के साथ बाइक से जलेसर रोड स्थित वाटिका रिसोर्ट जा रहा था। दोनों की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया था। तीन दिन तक नमन का उपचार आगरा के प्राइवेट अस्पताल में चला। इसके बाद उसको जयपुर के लिए रेफर कर दिया गया। जयपुर में उपचार के दौरान नमन की मौत हो गई। परिजन शुक्रवार शाम करीब चार बजे शव को लेकर घर पहुंचे। नमन की मौत से क्षेत्रीय लोगों में जनप्रतिनिधि और जैन समाज के प्रति आक्रोश था। कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित परिजन और क्षेत्रीय लोगों ने पेमेश्वरगेट से चंद्रवारगेट की ओर जाने वाले मार्ग पर युवक का शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर कोतवाल दक्षिण रामेंद्र कुमार और थानाध्यक्ष रसूलपुर कमलेश सिंह व नगर विधायक मनीष असीजा पहुंचे। पुलिस और नगर विधायक ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। तब कहीं जाकर परिजन ने जाम खोला।