मां के हत्यारोपी को सजा दिलाने के लिए भटक रहा बेटा
- 15 दिन पूर्व नौशहरा पुल के नीचे मिला था महिला का शव, नहीं हुआ पर्दाफाश
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। मां के हत्यारोपी को सजा दिलाने के लिए बेटा अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। 15 दिन बीतने के बाद भी पुलिस अभी तक कातिल का सुराग नहीं लगा सकी है।
मोहल्ला शंभूनगर निवासी राधा देवी (75) 12 मार्च को घर से मंदिर जाने की बात कह कर निकली थी। लेकिन लौट कर नहीं आईं। काफी तलाशने के बाद भी जब पता नहीं चला तो उनके बेटे रवि ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दो दिन बाद 14 मार्च को उनका शव हाईवे स्थित नोशहरा पुल के नीचे मिला था। शरीर पर चोटें के निशान थे। हत्यारे ने उनके गले पर चाकुओं से प्रहार कर हत्या की बात सामने आई थी दी। बेटे ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से पुलिस ने मामले की छानबीन की। जिसमें महिला एक साधु के साथ जाती हुई सीसीटीवी कैमरे में दिखी। इसके बाद वो एक ई रिक्शा में जाती दिखी दी। घटना के दिन से ही मंदिर के पास रहने वाला साधु भी लापता है। 15 दिन बाद भी कातिल का सुराग न लगने से पीड़ित परिवार के सदस्य परेशान हैं। मृतका के बेटे रवि का कहना है कि उसने कई बार अधिकारियों से घटना का खुलासा करने की बात कही है। उसे डर है कि कहीं उसके परिवार के किसी अन्य सदस्य के साथ भी इस तरह की कोई अनहोनी न हो जाए। सीओ अनिवेश कुमार का कहना है कि पुलिस हत्यारोपी की तलाश में जुटी है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
तीन साल पूर्व बहन की भी हुई थी नौशहरा के समीप मौत
रवि ने बताया कि उसकी एक बहन राजकुमारी (25) भी 27 जुलाई 2019 को घर से मंदिर की कहकर निकली थी। लेकिन उसका भी कोई पता नहीं चला था। मां की तरह ही दो दिन बाद उसका भी शव नौशहरा के समीप मिला था। जिसे पुलिस ने हादसे में दिखा कर मामला निपटा दिया था।