नहाते समय नहर में डूबने से युवक की मौत
गोताखोरों-ग्रामीणों की मदद से खोजा गया, घटनास्थल से दो किमी आगे मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
जसराना(फिरोजाबाद)। दोस्तों के साथ नहर में नहाने समय युवक लापता हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और युवक की तलाश कराने में जुट गई। काफी कोशिश के बाद युवक का शव घटनास्थल से दो किमी दूर झाल के पास मिला।
थाना जसराना के नगला अनूप निवासी अतुल कुमार (19) पुत्र प्रमोद कुमार अपने साथियों के साथ कुशियारी नहर पुल के पास नहाने आया था। नहाते समय अचानक अतुल पानी में लापता हो गया। साथियों ने खोजने की कोशिश की। नहीं मिला तो ग्रामीणों को बताया। इससे वहां लोगों की भीड़ लग गई। परिजन भी वहां पहुंच गए। सूचना पर कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया भी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से युवक की नहर में तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि नहर के पानी का बहाव तेज है जिसके कारण नहर के नीचे तक युवक की तलाश नहीं हो पा रही है। काफी प्रयास के बाद युवक का शव घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर मिला। जिसे ग्रामीणों व गोताखोरों ने बाहर निकाला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल बोले, नहर में डूबे युवक का शव मिल गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।