मेवशियों की रखवाली के लिए दंपती घर के पास ही खाली प्लॉट में सो रहे थे। सुबह जब लोग दूध लेने के लिए पहुंचे तो मंजर देखकर चीख निकल गई। दंपती खून से लथपथ थे। उपचार के दाैरान वृद्ध की माैत हो गई।
शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में मेवशियों की रखवाली के लिए खाली प्लॉट में सो रहे दंपती पर कुछ लोगों ने भारी वस्तु से प्रहार कर दिया। सुबह जगार होने पर घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में सरकारी ट्राॅमा सेंटर भेज दिया। वहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया, जहां वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वृद्ध के शव का पोस्टमार्टम कराया तो पता चला कि वृद्ध की मौत सिर पर भारी वस्तु से प्रहार करने के कारण हुई है। पत्नी का उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
आवगंगा रोड बुढ़रई वंशीनगर निवासी मुन्नालाल (62) जिला पंचायत राज अधिकारी के यहां चालक के पद पर तैनात थे। एक वर्ष पूर्व ही सेवानिवृत हुए थे। पत्नी मिथलेश देवी (55) के साथ मकान के बराबर में पड़े खाली प्लॉट में मवेशियों की रखवाली के लिए सो रहे थे।
सुबह के समय जब दूध लेने के लिए लोग वहां आए, तो मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। दंपती पर हमलावरों ने हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया था। महिला के कानों से हमलावर हमले के बाद कुंडल भी उतार ले गए थे।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल दंपती को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया। यहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के लिए जाने के दौरान रास्ते में ही मुन्नालाल ने दम तोड़ दिया। जबकि मिथलेश देवी का आगरा में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक वृद्ध की मौत सिर की गंभीर चोट लगने के कारण हुई है। हमले के बाद वृद्ध कोमा में चला गया। समय से उपचार न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
सीसीटीवी में दिखाई दिया संदिग्ध
दंपती पर हुए हमले की जानकारी पाकर एसएसपी सौरभ दीक्षित, एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया समेत अन्य फॉरेंसिक टीम भी मौके पर आ गई। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। रात एक बजे से तीन बजे तक संदिग्ध युवक आता हुआ दिखाई दिया है। वह संदिग्ध युवक दो से तीन बार घटनास्थल तक गया।
पुलिस रंजिश मान कर रही है जांच
पुलिस के अनुसार मृतक के दो बेटे कुछ समय पूर्व हत्या के मामले में जेल गए थे, जो एक माह पूर्व ही जमानत पर रिहा हुए हैं। अब पुलिस पुरानी रंजिश मानकर हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।
मृतक के पुत्र ने कराई रिपोर्ट
वंशीनगर भरत रिसॉर्ट के समीप निवासी मोहित कुमार उर्फ संतोष ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि माता-पिता मंगलवार को मकान के बगल में पड़े खाली प्लॉट में पशुओं के पास सो रहे थे। तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। मृत समझकर हमलावर भाग निकले।
एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया ने बताया कि खाली प्लॉट में सो रहे दंपती पर हमला किया गया है। उपचार के दौरान मुन्नालाल की मौत हो गई है। पत्नी का उपचार चल रहा है। लूट एवं दुष्कर्म जैसी कोई घटना की पुष्टि नहीं हुई है। संभवत यह वारदात रंजिश में की गई है। जल्द ही हमलावरों को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।