शिकोहाबाद। नगर के मैनपुरी चौराहा के समीप सोमवार सुबह नाले में एक युवक का शव व थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर के समीप नहर किनारे महिला का शव मिला है। पुलिस ने दोनों शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी।
मैनपुरी चौराहे के समीप नाले में एक युवक की शव मिलने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह पहुंच गए। शव को नाले से निकलवाकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया। शिनाख्त न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक लोअर और काली जैकेट पहने हुआ था। शव चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। लोग युवक की हत्या कर शव नाले में फेंकने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
वहीं थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर के समीप नहर किनारे एक महिला का शव मिला। महिला का आधा हिस्सा पानी में था, जबकि सिर किनारे मिट्टी पर रखा था। महिला के मुंह से झाग निकल रहे थे। कयास लगाया जा रहा है कि या तो महिला ने किसी विषैला पदार्थ का सेवन किया है अथवा किसी ने उसे मार कर नहर में फेंक दिया है।
पुलिस ने उसकी शिनाख्त का प्रयास किया। महिला की शिनाख्त न होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि महिला की उम्र लगभग 40 साल के करीब है, वह साड़ी पहने हुए है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की गुत्थी सुलझ सकेगी।