फिरोजाबाद। जिले में डीएपी की किल्लत के विरोध में शुक्रवार को सपा नेताओं ने किसानों के साथ मटसेना साधन सहकारी समिति पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। समिति पर नारेबाजी और हंगामे की सूचना पर सहायक निबंधक सहकारिता विवेक यादव पहुंच गए। उन्होंने आश्वासन दिया कि पांच दिन में सभी समितियों पर डीएपी और यूरिया किसानों को मिलेगी। आश्वासन पर सपा नेता माने।
जिले की अधिकांश साधन सहकारी समितियों से किसानों को डीएपी नहीं मिल रही है। किसान समितियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं और समितियों से बैरंग लौट रहे हैं। ऐसे में किसान बाजार से महंगी डीएपी और यूरिया खरीदने को मजबूर है। लाइनपार क्षेत्र में मटसेना समिति पर खाद नहीं मिलने पर शुक्रवार को सपाइयों ने जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र चंचल और सपा एमएलसी दिलीप यादव के नेतृत्व में साधन सहकारी समिति मटसेना पर प्रदर्शन किया। इस मौके पर एमएलसी डॉ. दिलीप यादव ने कहा कि समितियों पर डीएपी आई लेकिन किसानों को नहीं मिली। किसान आज सरसों, आलू, गेहूं की फसल बोने को तैयार है लेकिन सरकार को उनकी कोई चिंता नहीं है।
पूर्व विधायक ओम प्रकाश वर्मा ने कहा कि साधन सहकारी समिति मटसेना ही नहीं सोफीपुर, दीदामई, दतावली, सेंगई, दौंकेली, जलोपुरा, अलीनगर कैंजरा, आनंदीपुर करकौली समितियों से भी किसानों को डीएपी नहीं मिल रही है। उन्होंने चेतावनी दी यदि शीघ्र सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो सपा आंदोलन करेगी। सपा जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र चंचल ने कहा डीएपी के अभाव में किसान परेशान हैं। इस दौरान डॉ. मनोज यादव, चरन सिंह यादव, हरिओम यादव, जगमोहन यादव, सुनील यादव, भूरी सिंह वर्मा, रवि गुर्जर, योगेंद्र सिंह यादव सोनू, पवन यादव, रामराज, सुखवीर सिंह, राजेंद्र यादव उर्फ छुल्ली, मोहनलाल ठेकेदार, पंकज यादव, सुनील वर्मा, मुन्नेश बघेल, पोप सिंह, रामधन सिंह आदि मौजूद रहे।
-साधन सहकारी समिति मटसेना के सचिव रवीशचंद्र पर डीएपी का वितरण नहीं करने का आरोप किसान एवं सपा नेताओं ने लगाए हैं। टीम बनाकर जांच कराई जाएगी। समितियों पर उर्वरक अगले दो तीन दिन में पहुंचेगी। किसानों को बिना भेदभाव डीएपी का वितरण किया जाएगा।
विवेक यादव सहायक निबंधक सहकारिता फिरोजाबाद।