फिरोजाबाद। होली के उपलक्ष्य में मंगलवार को वाटर वर्क्स बस स्टैंड के सामने कंस मेला का आयोजन दोपहर चार बजे से किया जाएगा। इसमें खेल-तमाशों की स्टालों के अलावा झूले और चाट-पकौड़ी की दुकानें लगेंगी। वहीं मुहल्ला दुली स्थित राधा मोहन महाराज मंदिर से आज ही भगवान कृष्ण बलदाऊ के स्वरूपों का डोला निकाला जाएगा।
शोभायात्रा मुहल्ला दुली, चौबान मोहल्ला, चौकीगेट, छतरी वाला कुआ, सदर बाजार होते हुए बस स्टैंड स्थित जल-कल विभाग में पहुंचेगी। यहां पर बने विशाल कंस के पुतले का दहन किया जाएगा। प्रदीप कल्लू दीक्षित ने बताया कि भगवान के डोले के साथ उनके सखा लाठी लेकर चलेंगे। इस मौके पर राधा मोहन मंदिर में ठंडाई का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया जाएगा। शाम को डोला वाटर वक्स से वापस होगा। जो सदर बाजार, घंटाघर, दूध वाली गली होते हुए राधा मोहन पर पहुंचेगा। संवाद