फिरोजाबाद। प्रकाशोत्सव से पूर्व शहर के झूमर एवं फैंसी लाइट कारोबार में बूम है। स्टेशन रोड के अलावा शहर के अन्य हिस्सों में कांच शोरूम पर लटके झूमर एवं हैगिंग लाइटों पर स्थानीय एवं बाहर से आने वाले ग्राहक आकर्षित हो रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार दशकों बाद इस साल झूमर कारोबार में चमक दिखी है।तमाम तरह की मल्टी डिजाइन एवं आकार वाले झूमर शहर की पहचान हैं। कई सालों से चीन निर्मित सस्ते व प्लास्टिक-कांच निर्मित आयटमों ने शहर के परंपरागत झूमर उद्योग पर ब्रेक लगा दिए थे। इस बार माहौल अलग है। दिवाली पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों को चमकाने में जुटे ग्राहकों को पारदर्शी एवं इंद्र धनुष के रंग वाले स्वदेशी झूमर ग्राहकों को भा रहे हैं। यही कारण है कि शहर के फैंसी लाइट एवं झूमर कारोबार पर छाई सुस्ती भी टूट गई है।
कांच कारोबारियों के अनुसार इस बार होटला, रेस्त्रां के अलावा आवासीय परिसर में सजावट के लिए तमाम तरह के लाइटिंग आयटम शोरूम पर मौजूद हैं। खास तौर पर वॉल ब्रेकिट, हैंगिंग लाइट, दूधिया एवं मल्टी कलर वाली राउंड ब्रेकिट सभी को लुभा रहे हैं। इसके अलावा नई डिजाइन वाला ब्लैक पाइप क्रिस्टल झूमर तैयार किया हैं। साइज के अनुसार 5000 से 25000 रुपये की कीमत वाला क्रिस्टल झूमर की बिक्री हाथों हाथ हो रही है। इसके अलावा होटल व रेस्त्रां के पोर्च में लटकने वाली रंगीन कांच की क्रिस्टल बॉल की रेंज भी ग्राहकों को खासी पसंद आ रही है।
-
चायनीज आयटम से बेहतर हैं स्वदेशी झूमर
कारोबारियों के अनुसार चीन आयतित झूमर व फैंसी लाइटों की चमक एक-दो साल में ही फीकी पड़ जाती है। जबकि फिरोजाबाद निर्मित कांच के नग से तैयार होने वाले झूमर सदाबहार हैं। इनकी चमक सालों साल तक बरकरार रहती है।
-
ऑनलाइन प्लेटफार्म ने दी रफ्तारशहर के कांच झूमर व फैंसी लाइट कारोबारियों ने इस बार अपने स्वदेशी आयटम की बिक्री को ऑनलाइन प्लेटफार्म का सहारा लिया है। ऑनलाइन ऑर्डर की बहुतायत है, ऐसे में झूमर कारोबारी उत्साहित हैं।
कई साल बाद इस पर स्वदेशी झूमर कारोबार में बूम है। हमने इस बार नई डिजाइन के झूमर व फैंसी लाइटें तैयार कराई हैं। जो ग्राहकों को पसंद आ रही हैं। राजेश शर्मा, कांच झूमर कारोबारी
-
इस बार स्वदेशी झूमर एवं फैंसी लाइट की डिमांड बढ़ना उत्साह जनक है। हमने इस बार तमाम तरह की नई डिजाइन वाले झाड़-फानूस, झूमर तैयार कराए हैं। ग्राहकों में फैंसी लाइट के आयटम का क्रेज बढ़ा है।
देवेंद्र कुमार, झूमर कारोबारी व सप्लायर