दम्मामल नगर स्थित शिव मंदिर में बर्फ से सजाई गई भगवान शिव की शिवलिंग
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सुहागनगरी में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। मंदिरों में जहां भव्य सजावट की गई थी। वहीं घर-घर में कान्हा ने जन्म लिया। कान्हा के जन्म को लेकर लोग सुबह से ही तैयारियों में जुट गए थे। इस बीच पुलिस प्रशासन भी सुबह से ही सक्रिय रहा। नगर के कृष्णपाडा स्थित बिहारी जी मंदिर में वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा जहां भव्य फूल बंगला सजाया गया था। वहीं रंग बिरंगी विद्युत की आकर्षण रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा रहा था। बिहारी जी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं के आने जाने का क्रम देर रात तक चलता रहा। इस बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी मंदिर के अंदर धूमधाम के साथ मनाया गया।
द्वारिकाधीश में मंदिर में जन्माष्टमी मनाई गई। भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक किया गया। वहीं मंदिर महाआरती के साथ प्रसाद का वितरण किया गया। राधाकृष्ण मंदिर में भी इस बार जन्माष्टमी को लेकर उत्साह दिखाई दिया। जहां हर वर्ष स्वरूपों को सजाया जाता था। लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण को लेकर स्वरूप तो नहीं सजाए गए, लेकिन राधा रानी का झूला डाला गया तो मंदिर को भव्यता के साथ सजाया गया। जन्माष्टमी के मौके पर राधारानी के दर्शन करने के लिए काफी संख्या में श्रद्धालु आ जा रहे थे। भगवान कृष्ण का जन्म होते ही मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजने लगा। मोहल्ला दुली स्थित राधा मोहन मंदिर में गर्भगृह को सजाने के साथ ही मंदिर की भी सजावट की गई थी।