फिरोजाबाद। ईदगाह कमेटी के सचिव इसरार अहमद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल डीएम चंद्र विजय सिंह व नगर आयुक्त विजय कुमार से मिला। उन्होंने ईद-उल-अजहा के त्योहार को ध्यान में रखते हुए मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में चाक चौबंद व्यवस्थाएं रखने की मांग की है। जिलाधिकारी को भेजे पत्र में ईदगाह कमेटी के सचिव इसरार अहमद ने कहा ईद-उल-अजहा का त्योहार 31 जुलाई या एक अगस्त को चंद्रदर्शन के अनुसार मनाया जाएगा। इस दिन शहर में खासतौर से मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र व मस्जिदों के आस-पास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। सड़कों पर जलभराव की समस्या नहीं हो।
ईद से पूर्व इसकी व्यवस्था कर ली जाए। ईद-उल-अजहा के मौके पर तीन दिन तक कुर्बानियां होती हैं तो बिजली पानी एवं सफाई की व्यवस्था तीन दिन तक सुचारु रखी जाए। ईद वाले दिन शहर में जगह-जगह ढक्कनदार कूड़े दान रखवाए जाएं। बेस्टेज डालने के बाद कूड़ेदान को तुरंत ही उठवाया जाए। ताकि अन्य लोगों को कोई दिक्कत न हो।। पानी की सप्लाई ईद वाले दिन तड़के पांच बजे से की जाए। कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए बकरी की मंडी अलग-अलग मोहल्लों में अलग-अलग दिन लगवाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि हमें भरोसा है कि जिला प्रशासन एवं नगर आयुक्त ईद-उल-अजहा के मौके पर इन व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित कराने का काम करेंगे।