सावन के तृतीय सोमवार के दिन गोपाल आश्रम स्थित चिंता हरण महादेव मंदिर में पूजा करती महिलाएं
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सावन के तीसरे सोमवार को शिव मंदिरों में आस्था और भक्ति का संगम दिखाई दिया। हर-हर महादेव के जयकारे सुनाई दिए। वहीं फूल बंगला सजाने के साथ भगवान शिव का शृंगार किया गया। इस दौरान मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था। जहां बजरिया गल्ला मंडी स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर के पट बंद रहे। श्रद्धालु गेट से ही भगवान शिव के हाथ जोड़कर अन्य मंदिरों में पूजा अर्चना करने को पहुुंचे। मोहल्ला गंज स्थित सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भगवान की पूजा अर्चना करने के लिए भक्तों का सुबह से ही तांता लगा रहा। मंदिर में भीड़ एकत्रित न हो। इसके लिए भगवान शिव की आरती करने की अनुमति मंदिर महंत राममोहन शर्मा द्वारा किसी भी श्रद्धालु को नहीं दी गई थी।
भगवान शिव की शिवलिंग पर जल के साथ बेलपत्र, फल आदि चढ़वाकर श्रद्धालुओं को मंदिर से बाहर किया जा रहा था। जलेसर रोड स्थित काली माता मंदिर, पेमेश्वर नाथ महादेव मंदिर के साथ शिव बजरंग वाटिका रसूलपुर पर पूजा करने श्रद्धालुजन पहुंचे। शाम को फूल बंगला सजने के साथ ही भगवान शिव का शृंगार किया। मां राजराजेश्वरी कैलादेवी मंदिर के समीप बने शिव मंदिर में भी भगवान शिव के दर्शन को लोग पहुंचे। मोहल्ला तिलक नगर स्थित महादेव मंदिर में भव्य फूल बंगाला सजाया गया। सामूहिक रुप से जलाभिषेक किया गया। हनुमान रोड स्थित छोटे हनुमान मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने लोग पहुंचे। गोपाल आश्रम स्थित चिंताहरण महादेव मंदिर में भगवान शिव की पूजा अर्चना करने का क्रम अल सुबह से ही शुुरू हो गया।
मंदिरों के बाहर सजी रंगोली
सावन माह के तीसरे सोमवार को जहां सुहागनगरी में भगवान शिव की भक्ति दिखाई दी। वहीं नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख शिव मंदिरों के बाहर रंगोली सजाई गई। चूना आदि डलवाया गया। जिससे लोगाें को गंदगी के बीच भगवान शिव की पूजा अर्चन के लिए नहीं जाना पड़े।