युवक की मौत के बाद विलाप करते परिवारीजन
ट्रिपल राइडिंग के चलते शुक्रवार रात 11 बजे दावत खाकर मंडी लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को एटा चौराहे पर रोडवेज बस ने रौंद दिया। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। परिवारीजनों ने बगैर पोस्टमार्टम कराए अंत्येष्टि कर दी। धातरी से सब्जी लेकर मंडी जा रहे आटो को तेज गति से आ रही डीसीएम ने रौंद दिया, जिससे आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे चालक समेत दो भाई घायल हो गए।
रुकनपुरा निवासी सौरभ (20) के चाचा दिनेश की शादी है। शुक्रवार को मंडप की दावत थी। शादी में सिरसागंज के गांव जायमई निवासी नीरज (22) और रामनरेश (45) शामिल हुए । दावत खाने के बाद करीब रात 11 बजे संजय अपनी बाइक से दोनों को सब्जी मंडी छोड़ने आ रहा था। जब उसकी बाइक एटा चौराहे पर पहुंची तभी पीछे से तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने रौंद दिया। हादसे में सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीरज और रामनरेश घायल हो गए। मौके पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सौरभ के परिवारीजनों ने शादी का हवाला देते हुए थाने में प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, धातरी निवासी मोहनलाल (50) टैंपो से शनिवार सुबह गांव के ही डालचंद्र और विनोद सब्जी लेकर मंडी आ रहे थे, तभी गांव के समीप ही पीछे से तेज गति से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। इसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि डालचंद्र और विनोद के हल्की चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल मोहनलाल को सरकारी ट्रामा सेंटर फिरोजाबाद रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में उसकी मौत हो गई।
गांव बहादुरपुर के समीप टकराए तीन वाहन
मक्खनपुर (ब्यूरो)। गांव बहादुरपुर के समीप नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह तीन वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में डीसीएम सवार एक युवक घायल हुआ।
शिकोहाबाद की ओर जा रहे रोलर से गांव बहादुरपुर के समीप डंफर टकरा गया। तभी फिरोजाबाद की ओर से तेजगति से आ रही डीसीएम चालक ने भी अपना संतुलन खो दिया और डीसीएम डंफर से टकरा गई। हादसे में डीसीएम सवार जितेंद्र घायल हो गया। हादसा होते ही आसपास के लोगों के साथ मक्खनपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से जितेंद्र को जिला अस्पताल भेजा।