सपा समर्थक की पिटाई के बाद रोष जताते सपा नेता।
कैला देवी मंदिर पर प्रसाद का सामान बेचने की दुकान करने वाले सपा समर्थक सुनील यादव ने मेला प्रभारी पर मारपीट का आरोप लगाया। बाद में उसे पिटाई के बाद बिना कोई कार्रवाई किए छोड़ दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि मेला परिसर में दुकान का फड़ बढ़ाने पर चालान काटा था पिटाई का आरोप लगत है। उधर, घटना के बाद सपा नेता लामबंद हो गए और आंदोलन की चेतावनी दी है। सपा नेताओं ने कहा कि प्रसाद विक्रेता यदि दोषी था तो उसके खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजना चाहिए था। उस पर थर्ड डिग्री का इस्तेमाल क्यों किया गया? सपा नेताओं ने चौकी प्रभारी के निलंबन की मांग की गई है।
मोहल्ला टापा पैठ निवासी सुनील यादव पुत्र नाहर सिंह यादव की कैला देवी मंदिर के समीप प्रसाद की दुकान है। सुनील यादव ने बताया कि गुरुवार शाम करीब सात बजे मेला प्रभारी नीरज मिश्रा दुकान पहुंचे और थाने ले गए। आरोप है कि जेबकटों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए पिटाई की और देर रात छोड़ दिया गया। सुनील ने आरोप लगाया कि मेडिकल कराने के लिए वह मजरुमी चिट्ठी लेने थाना उत्तर पहुंचा, तो पुलिस ने चिट्ठी देने से मना कर दिया। मेला प्रभारी नीरज मिश्रा ने प्रसाद विक्रेता द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताए है। सुनील ने दुकान के बाहर पड़े तख्त को काफी बाहर तक निकाल लिया था। इसके चलते वहां से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत हो रही थी। इस पर सुनील यादव का दफा 34 का चालान कर दिया था।
उधर सपा समर्थक पर कार्रवाई के बाद सपा नेता योगेश गर्ग के कार्यालय पर पूर्व विधायक अजीम भाई, सपा प्रत्याशी डा. संजय यादव, आर्दश यादव धन्नू ने पत्रकार वार्ता में कहा कि पुलिस चुन-चुन कर सपा नेताओं का उत्पीड़न कर रही है। यदि सुनील यादव किसी भी मामले में दोषी था तो उसके खिलाफ कानून कार्रवाई करनी चाहिए थी। दुकान से उठाकर थाने में थर्डडिग्री का इस्तेमाल क्यों किया गया? सपा समर्थक को सिर्फ यादव होने के कारण पीटा गा। सपा नेताओं ने कहा यदि आरोपी चौकी प्रभारी का निलंबन नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। सपा की मासिक बैठक में शनिवार को इस मुद्दे को उठाया जाएगा।