एसएसपी ने गाडी से कई किलोमीटर तक किया पीछा किशन के वांछित अपराधी के साथ घूम रहा था सिपाही
- फोटो : Amar Ujala
वांछित अपराधी के साथ कार में बैठे मैनपुरी एसओजी के सिपाही को पकड़ने के लिए एसएसपी अजय कुमार को कई किलो मीटर तक उसकी कार की पीछा करना पड़ा। तब कहीं जाकर रसूलपुर पुलिस ने वांछित अपराधी के साथ एसओजी के सिपाही को पकड़ा। पुलिस ने सिपाही की सरकारी पिस्टल कब्जे में लेकर एसपी मैनपुरी को पूरे मामले से अवगत कराया।
बुधवार दोपहर एसएसपी अजय कुमार एत्मादपुर के समीप जिले की सीमा पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी काले शीशे लगे बिना नंबर की स्कार्पियो कार आगरा की ओर से आती दिखाई दी। कार के आगे और पीछे प्रधान लिखा होने के साथ ही उस पर सपा की झंडी भी लगी थी। एसएसपी अजय कुमार ने कार रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन सिपाही ने कार को न रोकते हुए हाईवे पर भगाना शुरु कर दिया। कार में अपराधी होने की आश्ंाका को मानते हुए एसएसपी अजय कुमार ने भी सरकारी गाड़ी से कार का पीछा कर दिया। जिले की सीमाओं को सील कराने के साथ ही एसएसपी कार का पीछा करते रहे। इस बीच रसूलपुर पुलिस ने आसफाबाद के समीप कार को रोक लिया और उसके अंदर बैठे दो लोगों को हिरासत में लिया। एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए जोगेंद्र निवासी पटलौरी थाना बल्देव मथुरा मैनपुरी एसओजी का सिपाही है। उसके पास से सरकारी पिस्टल बरामद की गई है। वह अवकाश पर था। अवकाश पर था इसके बाद भी उस पर सरकारी पिस्टल थी, जो कानून गलत है। जोगेंद्र के साथ अभयराम उर्फ टुंडा पहलवान निवासी लालपुर किशनी भी था। अभयराम पर लूट के चार और चोरी के तीन मुकदमे दर्ज है। यह किशनी थाने से मारपीट के मामले में वांछित चल रहा है। अभयराम को मैनपुरी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। जबकि सिपाही की सरकारी पिस्टल जमा कर पूरे मामले से एसपी मैनपुरी को अवगत करा दिया गया है।