कनिष्क का शव आते ही फीरोजाबाद में आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा
चार दिन से लापता कनिष्क का शव शुक्रवार को मोहल्ला जैननगर में पहुंचा तो हर आंख में आंसू और चेहरे पर पुलिस के खिलाफ आक्रोश था। हजारों की संख्या में जमा लोग कनिष्क के कातिलों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मां को अंतिम बार बेटे का चेहरा देखने को नहीं मिला तो मोहल्ले की महिलाएं भी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही थीं। लोगों की पुलिस से नोंकझोंक भी हुई। लोगों के आक्रोश के चलते कनिष्क के शव को लेकर करीब दो घंटे तक एंबुलेंस सड़क पर ही खड़ी रही। क्षेत्र का बाजार भी पूरी तरह से बंद हो रहा।
गुरुवार शाम छह वर्षीय कनिष्क के शव की शिनाख्त होते ही मोहल्ला जैननगर खेड़ा में मातम छा गया था। शुक्रवार शाम करीब चार बजे जैसे ही पुलिस सुरक्षा के बीच एंबुलेंस से कनिष्क के शव को लेकर परिवारीजन मोहल्ला जैननगर पहुंचे तो हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए। अंतिम बार बेटे का चेहरा देखने के लिए कनिष्क की मां के पैर एंबुलेंस की ओर बढ़े तो वहां मौजूद महिलाओं ने रोक लिया। क्याेंकि कनिष्क का शव सील था। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कातिल की गिरफ्तारी की मांग की। इस पर पुलिस से नोकझोंक हुई। लोगों का कहना था कि पुलिस की लापरवाही से ही कनिष्क की अपहरण के बाद हत्या की गई है। एसपी सिटी संजीव वाजपेयी के साथ सीओ सदर राजेश चौधरी के साथ कई थानों की पुलिस पहुंच गई। बाद में नगर विधायक मनीष असीजा और जैन समाज के लोगों के साथ विजय देवता को बुलाया। 48 घंटे में घटना का खुलासा और कनिष्क के परिवारीजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। सपा नेता शमशाद बाबा और नितेश अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गए थे।
एसएसपी और डीएम को बुलाने की मांग
भीड़ डीएम और एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर रही थी लेकिन दोनों अधिकारियों में से कोई मौके पर नहीं पहुंचा। उनके मोबाइल नहीं मिले तो पीएनटी नंबर पर सीओ, नगर विधायक और एसपी सिटी ने बात की।
हाईवे पर भी उतरी भीड़, मची भगदड़
कनिष्क के शव को लेकर जा रही एंबुलेंस के पीछे हजारों की भीड़ के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर विधायक मनीष असीजा भी चल रहे थे। एंबुलेंस जैसे ही सुभाष तिराहा के समीप पहुंची तो भीड़ हाईवे पर पहुंच गई। इसके चलते हाईवे पर अफरातफरी मच गई। पहले से तैनात फोर्स और पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला।
किसी नतीजे पर नहीं पहुंची पुलिस की जांच
कनिष्क के अपहरण और हत्या को चार दिन बीत गए लेकिन पुलिस की जांच किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। बुधवार को कनिष्क का शव आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र स्थित एक कुआं में मिला था।