बिना बताए एक दिन का अवकाश लेने पर अध्यापक ने छात्र की पिटाई कर दी। इससे छात्र के कान के पर्दे पर चोट आयी है। छात्र ने घर पहुंचकर परिवारीजनों को जानकारी दी। छात्र को लेकर थाने पहुंचे परिवारीजनों ने अध्यापक की पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने छात्र का डाक्टरी परीक्षण कराया है।
फायर विभाग में फालोवर के पद पर तैनात प्रेमबाबू का पुत्र सौरव एक इंटर कालेज में कक्षा 12 का छात्र है। सौरव ने बताया कि वह सोमवार को स्कूल नहीं गया था। मंगलवार को जब स्कूल गया तो अध्यापक ने उसके बाल पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया। इससे छात्र के कान में चोट लग गई।
छात्र ने इसकी जानकारी घर जाकर परिवारीजनों को दी। पुलिस ने छात्र का मेडिकल कराया है। छात्र का मेडिकल करने वाले चिकित्सक योगेंद्र शर्मा का कहना है कि छात्र के कान में चोट है। इसलिए उसको ईएमटी चिकित्सक के पास रेफर किया गया है। रसूलपुर थानाध्यक्ष का कहना है कि यदि छात्र के परिवारीजन तहरीर देते हैं तो अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।