इटावा के गांव गढईया शिव नारायन निवासी हरीप्रसाद पुत्र रामबाबू का विवाह फीरोजाबाद की कोतवाली उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला टापाकलां निवासी रेनू पुत्री हाकिम सिंह के साथ तय हुआ था। रविवार रात जलेसर रोड स्थित एक मैरिज होम में वर माला का कार्यक्रम होने के बाद बाराती कमरों में चले गए। बताते हैं तभी पांच लोग दूल्हे के कमरे में पहुंचे और खुद को दुल्हन पक्ष का बताते हुए वहां ताश खेलने लगे।
रात करीब तीन बजे उन्होंने चाय मंगाई जिसे दूल्हा हरी प्रसाद, उसके बाबा चेतराम, मौसा बाबूलाल, फोटोग्राफर विपिन और धर्म सिंह ने पिया। कुछ देर बाद ही सभी लोग बेहोश हो गए। सुबह जब दुल्हन पक्ष के लोग फेरों के लिए हरिप्रसाद को बुलाने आए तो उनके होश उड़ गए। सभी लोग बेहोश थे।
उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बारातियों ने बताया कि जहरखुरान गिरोह के सदस्य दुल्हन के लिए लाए गए आभूषण, बारातियों की जेब में रखी नकदी आदि ले गए। सोमवार दोपहर बाद दूल्हे की तबियत में सुधार आने पर विवाह की रस्मों को पूरा कराया गया। कोतवाल उत्तर का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से आई तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जहरखुरानों की तलाश की जा रही है।