सफाई कर्मचारी की मौत पर विलाप करते परिवारीजन।
बर्तन वाली गली स्थिति मोहल्ला माधवगंज में करंट लगने से सफाईकर्मी बेहोश हो गया था। परिवारीजन उसे सरकारी ट्रामा सेंटर ले गए। यहां चिकित्सक न मिलने पर पीड़ित परिवारीजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस फोर्स के साथ नगर विधायक मनीष असीजा और भाजपा नेता भी पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह समझाबुझा कर मामले को शांत कराया।
रसूलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला डाक बंगला वाल्मीकि बस्ती निवासी राहुल कुमार (22) पुत्र महेश चंद्र बाल्मीकि नगर निगम में ठेका सफाई कर्मचारी के पद पर नौकरी करता था। मंगलवार दोपहर वह दक्षिण थाने के समीप माधव गंज में नालियों की सफाई कर रहा था। इसी बीच माधवगंज निवासी एक व्यक्ति द्वारा नाली से लिए गए अर्थ के तार से राहुल को करंट लग गया और वह अचेत होकर मौके पर ही गिर गया। राहुल को सरकारी ट्रामा सेंटर लाया गया। यहां चिकित्सक के न होने के कारण वह करीब आधा घंटे तक तड़पता रहा और उसकी मौत हो गई। युवक की मौत होते ही नगर निगम कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और हंगामा करने लगे। इसी बीच नगर विधायक मनीष असीजा, भाजपा महानगर अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता, डा. अखिलेश शर्मा के साथ अन्य भाजपा नेता और नगरायुक्त प्रमोद कुमार तथा कोतवाल दक्षिण केपी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों के आक्रोश को देख पीएसी को बुला लिया गया। इसके साथ ही परिवारीजनाें ने नगर विधायक मनीष असीजा के समक्ष मृतक के परिवारीजनाें को मुआवजा देने की मांग की। नगरायुक्त प्रमोद कुमार ने हर संभव मदद करने का आश्वासन देकर मामले को शांत करा दिया। वहीं सीएमएस डा. अजय अग्रवाल का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी। यदि चिकित्सक ने इस तरह की लापरवाही बरती है तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बिना अवकाश के शहर छोड़ गए एसडीओ
सफाई कर्मचारी की मौत पर जिला अस्पताल पहुंचे नगर विधायक मनीष असीजा ने विद्युत विभाग के एसडीओ को फोन पर जमकर आड़े हाथ लिया। एसडीओ बिना अवकाश लिए शहर छोड़ गए थे। मामले की जानकारी करने के लिए उन्होंने एसडीओ को फोन करके मौके पर जाने को कहा था।