जसराना एवं एका क्षेत्र में सोमवार को झमाझम बारिश हुई। बारिश से किसानों के चेहरे चमक उठे। वहीं एका में बिजली गिरने से प्रवेश कुमारी (12) की मौत हो गई। हादसे के दौरान बालिका घर के बाहर खेल रही थी। इससे परिवारीजनों में कोहराम मच गया। अन्य स्थानों पर बिजली गिरने से एक दर्जन भैंस, एक गाय और एक बकरे समेत कई पक्षी मर गए। कई गांवों में पशु मरने की सूचना पर तहसील प्रशासन सक्रिय हो गया। इधर, फीरोजाबाद में आसमान में सिर्फ घटाएं घिरी रहीं। हालांकि तेज हवा के कारण हर किसी को गर्मी से राहत मिली।
सोमवार सुबह से उमस भरी गर्मी के कारण हर किसी का हाल बेहाल था। दोपहर करीब 12 बजे पूरब की ओर से उठी घटाओं से बारिश की उम्मीद थी लेकिन हवा के साथ यह शांत हो गई। हालांकि ग्रामीण अंचल में झमाझम बारिश होने के साथ कई गांवों में बिजली गिरने से कई पशु मर गए। इससे किसानों को लाखों रुपये की हानि हुई। एका में बिजली गिरने से प्रवेश कुमारी (12) की मौत हो गई। हादसे के दौरान बालिका घर के बाहर खेल रही थी। इससे परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पैढ़त निवासी मनोज कुमार की दो भैंस, रामनगर निवासी योगेश कुमार के घर के बाहर बंधी दो भैंस मर गई। वहीं मुस्तफाबाद में मुन्नेश उर्फ भोले की खजूर के पेड़ के नीचे बंधी भैंस मर गई और एक झुलस गई। फरीदपुर में बिश्नुदयाल की भैंस, नगला शादी में राजकुमार का बकरा, जितेंद्र निवासी कौरारी सरहद की एक गाय एवं एक भैंस, पिल्खतर जैत निवासी राजेश की दो भैंस मर गई। पूर्व प्रधान अजीत यादव ने एसडीएम को घटना की सूचना दी है। तहसील के अधिकारी और कर्मचारी किसानों के पशु मरने पर हुए नुकसान का आंकलन करने में जुटे हुए हैं।