गांव के बाहर बनी पोखर में नहाने गए चार बच्चे पानी में डूब गए। तीन को तो ग्रामीणों ने बचा लिया, लेकिन एक बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गई। काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह से पानी में डूबे बच्चे का शव बाहर निकाला। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
नगला खंगर क्षेत्र के गांव नगला मोती निवासी राजू सिंह कुशवाहा का 11 वर्षीय पुत्र सचिन शाम करीब चार बजे गांव के बाहर बनी पोखर में गांव के ही तीन अन्य बच्चों के साथ नहाने के लिए गया था। सभी बच्चे पोखर में नहाने के लिए उतर गए। इसी बीच सचिन गहराई में चला गया और वह पानी में डूब गया। सचिन के पानी में डूबने की खबर सुनते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। उन्होंने सचिन के साथ गए तीन बच्चों को तो बचा लिया, लेकिन सचिन को नहीं बचा सके। सचिन के पोखर में डूबने की खबर पर परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से सचिन पोखर के अंदर तलाश शुरु कर दी। काफी समय बीत जाने के बाद सचिन का शव पानी के अंदर ही परिवारीजनों को मिल गया। इस बीच ग्रामीणों ने इलाका पुलिस को सूचना दी थी। लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। सचिन क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था।