फिरोजाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनवरी और फरवरी माह में लिए नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गई है। इसमें 14 नमूने फेल हो गए हैं। इन विक्रेताओं के खिलाफ एडीएम कोर्ट में मुकदमा दायर किया जाएगा।
फरवरी माह में मक्खनपुर से अशोक कुमार बघेल की दुकान से लिया मालपुआ का नमूना प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित पाया गया है। इसी दुकान से लिया गाजर का हलवे की भी जांच में गुणवत्ता ठीक नहीं पाई गई। 28 जनवरी को पुरुषोत्तम सिंह छारबाग की दुकान से लिया सरसों के तेल का नमूना, टूंडला के नौहवार मार्केट में पुरुषोत्तम सिंह की दुकान से लिया पनीर का नमूना, फरिहा में प्रदीप कुमार जैन की दुकान से लिया सरसों के तेल की गुणवत्ता भी मानक के अनुसार नहीं पाई गई।
प्रतापपुर रोड शिकोहाबाद स्थित देवांशु सिंह की फर्म से लिए गए टोस्ट के पैकेट पर पूरी जानकारी अंकित नहीं पाई गई। पहाड़पुर निवासी राकेश कुमार उर्फ बबलू से लिया दूध और टूंडला टोल प्लाजा पर वीरपाल से लिया साबुत चना का नमूना जांच में मिथ्याछाप मिला है। नसीरपुर में रवेंद्र कुमार से लिया मिठाई का नमूना, नारायन नगर में मुजिम्मल हुसैन से रस्क का नमूना और दाऊजी मिल्क डेयरी पर नरेंद्र सिंह से लिया पनीर का नमूना फेल हो गया है। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि 14 नमूने फेल हुए हैं। इनमें कई नमूने मानव जीवन के लिए असुरक्षित पाए गए हैं। इन विक्रेताओं के खिलाफ मुकदमा दायर किया जाएगा।