फिरोजाबाद। कोटला रोड स्थित एक मैरिज होम में रविवार रात शादी समारोह के दौरान बच्ची को गोद में उठा लेने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोपियों ने सूचना पर पहुंची पुलिस से भी अभद्रता की। विवाह स्थल पर आनन-फानन थाने से भी फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोटला रोड स्थित एक मैरिज होम में आयोजित शादी समारोह के दौरान मटसेना थाना क्षेत्र के गांव दौकेली निवासी पारुल पुत्री राजू अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आई थी। शादी समारोह में पारुल की डेढ़ वर्ष की भतीजी लवी पुत्री अनिल भी अपनी ननिहाल पक्ष के लोगों के साथ आयी थी। लवी को देखकर पारुल ने उसको अपनी गोदी में उठा लिया और प्यार जताने लगी। तभी इसका विरोध अक्षय, ईशू और राधेश्याम द्वारा किया गया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
शादी समारोह में हुए विवाद के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कोटला रोड पुलिस चौकी से दो सिपाही भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन आरोपियों ने उनसे भी अभद्रता कर दी। चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनसे भी अभद्रता कर दी। इस बीच थाने से फोर्स पहुंचा तब तक आरोपी भाग निकले। पुलिस ने घटना की जानकारी कर पारुल की तहरीर पर अक्षय, ईशू और राधेश्याम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाल उत्तर अनूप कुमार भारतीय ने बताया कि लवी की मां की मौत दो माह पूर्व बीमारी के कारण हो गई थी। मां की मौत के बाद लवी को ननिहाल पक्ष के लोग अपने साथ ले गए थे। लवी ननिहाल पक्ष के लोगों के साथ शादी समारोह में आई थी। बुआ पारुल द्वारा लवी को गोदी में लेने पर विवाद हुआ था। पारुल की तहरीर पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।