फिरोजाबाद। थाना दक्षिण के मोहल्ला भीमनगर से रविवार दोपहर लापता दो बच्चे देर शाम आगरा में मिल गए। परिजनों ने पड़ोस में किराए पर रहने वाले युवक पर शक जताया था। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में भी लिया है।
थाना दक्षिण के मोहल्ला भीमनगर निवासी विपिन कुमार का पुत्र योगेश (4), पड़ोसी प्रेमचंद्र का पुत्र कुनाल (6) रविवार को दोपहर घर से गली के नुक्कड़ पर सामान लेने के लिए गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने दोनों की खोजबीन की तो कहीं दिखाई नहीं दिए। गली के नुक्कड़ पर जाकर दुकानदार से पूछा तो उसने बताया कि दोनों बच्चे सामान लेने के लिए दुकान पर आए थे। लेकिन बाद में किसी की बाइक पर बैठकर चले गए।
परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना थाना दक्षिण पुलिस को दी। दो बालकों के एक साथ लापता होने की जानकारी होते ही एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र, एसएचओ दक्षिण सुशांत गौर, एसएचओ उत्तर अनूप कुमार भारतीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र ने परिजनों से बातचीत करने के साथ ही मामले की जांच पड़ताल भी करनी शुरू कर दी।
एसपी सिटी ने योगेश के बाबा रामखिलाड़ी रिटायर्ड उप निरीक्षक से रंजिश आदि के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने रास्ते में पड़ने वाले सीसीटीवी को भी खंगाला। मामला संज्ञान में आने के बाद शाम को छह बजे एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने पीड़ितों के घर जाकर भेंट की। वहीं देर शाम आगरा के भगवान टॉकीज चौराहा स्थित एक ढाबे के पास से दोनों बच्चों को पुलिस ने बरामद किया है। एसएसपी ने बच्चों की खोजबीन के लिए छह टीमें लगाई थीं।
हर बिंदु पर की जा रही जांच
एसएसपी ने बताया कि खोजबीन के लिए बनाई गई टीम ने बच्चों को आगरा के भगवान टॉकीज स्थित ढाबे से बरामद किया गया है। संभावना है कि बच्चों को ले जाने वाले आरोपी पुलिस की सतर्कता देख मौके से भाग निकले। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इसमें दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हम इस बिंदु पर भी जांच कर रहे हैं कि इसके पीछे कहीं बच्चों को उठाने वाला गैंग तो सक्रिय नहीं।