नारखी के गढ़ी तोड़िया में मारपीट,पथराव में घायल उपचार को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/नारखी। थाना नारखी क्षेत्र के गांव गढ़ी तोड़िया में चाऊमीन की ठेल लगाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, पथराव और फायरिंग हो गई। इसमें दोनों पक्षों के दस लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया।
थाना नारखी के कोटला रोड स्थित गढ़ी तोड़िया में मंगलवार शाम चाऊमीन की ठेल लेकर आया एक व्यक्ति आया। कुछ लोगों ने चाऊमीन खाने से ग्रामीणों के बीमार होने का हवाला देते हुए ठेला गांव से ले जाने की बात कह दी। इसी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। गाली-गलौज व मारपीट के बाद दोनों ओर से पथराव व फायरिंग हो गई। मारपीट व पथराव से दोनों पक्षों के कई लोग लहूलुहान हो गए।
एक पक्ष से देवेंद्र (35) पुत्र जगन्नाथ, अरविंद (40) पुत्र रमेशचंद्र, सरोज देवी (70) पत्नी जगन्नाथ व आशीष (20) पुत्र पूरन सिंह घायल हो गए। इसमें देवेंद्र की हालत गंभीर होने के ही कारण आगरा रेफर कर दिया। दूसरे पक्ष से करीना देवी पुत्री विजय कुमार, पुष्पेंद्र पुत्र रूपकिशोर, विद्यादेवी पत्नी सर्वेश कुमार, सावंत श्री, लक्ष्मी देवी पत्नी देवेंद्र, भानु प्रताप पुत्र दौजीराम घायल हैं। सूचना मिलने पर थाना नारखी पुलिस गांव में पहुंच गई और घायलों को जिला अस्पताल भेजा है।
कार्यवाहक एसओ नारखी जितेंद्र सिंह का कहना है कि गढ़ी तोड़िया में दो पक्षों में विवाद हुआ था। फायरिंग नहीं हुई थी। तहरीर के आने पर मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।