फिरोजाबाद। मंगलवार देर शाम छह हजार रुपये को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया गया। जिसको देर शाम उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला नगला मिर्जा बड़ा निवासी राजेंद्र प्रसाद पर पड़ोस में रहने वाले जय सिंह के करीब छह हजार रुपये थे। जय सिंह रुपये को लेकर कई बार तकादा कर चुका था। राजेंद्र प्रसाद की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह रुपये वापस नहीं कर पा रहा था। जय सिंह रुपये का तकादा करने के लिए मंगलवार को राजेंद्र प्रसाद के घर गया। यहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान जय सिंह ने राजेंद्र के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया।
युवक को जिंदा जलाए जाने की सूचना पर रामगढ़ थाना पुलिस के साथ काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही युवक को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। बुधवार को उसकी मौत हो गई। युवक की मौत होते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। युवक की मौत की खबर पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया।
थानाध्यक्ष रामगढ़ अनूप कुमार तिवारी का कहना है कि युवक द्वारा खुद आग लगाने की जानकारी मिली थी। लेकिन युवक ने पड़ोसी जय सिंह पर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी जय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। यदि जय सिंह दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।