शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। थानाक्षेत्र में शनिवार को तमंचे के बल पर बाइक सवार पिता-पुत्री से आभूषण लूटकर बदमाश फरार हो गए। वहीं विरोध करने पर तमंचे के बट से हमलाकर घायल भी कर दिया। घटना की जानकारी होते ही एसपी ग्रामीण डॉ. अखिलेश नरायण सिंह, सीओ और प्रभारी निरीक्षक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल महिला और उसके पिता का मेडिकल कराया है। वहीं दो अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मामला थाना क्षेत्र की आगरा गेट चुंगी का है। राधेश्याम निवासी नसीरपुर ने बताया कि बेटी पल्लवी को बाइक पर बिठाकर घर से ससुराल हाथवंत पहुंचाने जा रहा था। हाईवे से नगला पोहपी रोड जाने वाले रास्ते पर सिक्सलेन निर्माण कार्य करने वाली ओरियंटल कंपनी के पास पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने रोक लिया और बाइक में धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने बेटी के गले में पहने हुए आभूषण जिसमें मंगलसूत्र, पेंडेंट सहित सोने की चेन, कानों के झाले तोड़ने शुरू किए तो उसने विरोध किया। इस पर बदमाशों ने तमंचे की बट सिर में मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद बदमाश बेटी के हाथ से बैग छीनने लगे, जिसका विरोध करने पर उन्होंने बेटी पर भी हमला कर दिया।
पल्लवी ने बताया कि बैग में सोने की चार चूड़ी, हार, छह अंगूठी समेत लगभग 100 ग्राम सोने के आभूषण थे। सूचना पर एसपी ग्रामीण, सीओ और प्रभारी निरीक्षक समेत थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल पिता-पुत्री का मेडिकल कराया है। इस संबंध में एसपी ग्रामीण डॉ. अखिलेश नरायण सिंह ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है। तहरीर के आधार पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटना का शीघ्र खुलासा किया जायेगा।
सीसीटीवी कैमरों में लुटेरे कैद
सिक्सलेन निर्माण करने वाली ओरियंटल कंपनी के परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में लुटेरे कैद हो गए हैं। घटना के बाद एसएसआई अंजीश कुमार ने कंपनी में जाकर सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। जिसमें महिला की बाइक के पीछे दो युवक जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे वापस हाईवे की तरफ आए हैं। दिनदहाड़े हुई घटना से आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत व्याप्त हो गई है।
तीन दिन के लिए डॉयल 112 को किया अलर्ट
लूट की घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने डायल 112 को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। 112 के प्रभारी को तीन दिन तक कंट्रोल रूम में बैठने, प्रत्येक गाड़ी की लोकेशन लेने तथा सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से मौके पर रवाना होकर घटना की सूचना देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि होली के तीन दिन 28, 29 और 30 मार्च को विशेष सतर्कता रखी जाए।