शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। थाना पुलिस क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। करीब चार दिन पूर्व दिन दहाड़े पिता-पुत्री के साथ हुई नकदी और आभूषण लूट में पुलिस अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। इसके साथ ही नगर में हुई अन्य चोरियों का भी पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। पुलिस के उदासीन रवैये से क्षेत्रीय लोगों में अपराधियों का डर है।
नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव नसीरपुर निवासी राधेश्याम अपनी पुत्री पल्लवी को उसकी ससुराल हाथवंत बाइक पर बैठा कर पहुंचाने जा रहे थे। जब उनकी बाइक नगला पोहपी रोड़ पर एलएन कॉलेज के समीप पहुंची, तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और धक्का मार कर बाइक को गिरा दिया। जिससे पिता-पुत्री दोनों जमीन पर गिर पड़े। इसी दौरान लुटेरे पल्लवी के पहने हुए आभूषण उतारने लगे। जब बदमाशों का पल्लवी के पिता ने विरोध किया तो एक बदमाश ने तमंचा की बट सिर में मारकर उन्हें घायल कर दिया।
बदमाश पल्लवी के गले से मंगलसूत्र, चैन और पेंडल तथा कानों से झाले लूटने के बाद उसके हाथ में लगा पर्स भी लूट कर फरार हो गए। पर्स में भी पल्लवी की सोने की चूड़ियां, हार, अंगूठी व अन्य आभूषण रखे थे। घटना की जानकारी होते ही एसपी ग्रामीण डॉ. अखिलेश नरायण सिंह मौके पर फोर्स के साथ पहुंच गए और घटना का निरीक्षण किया। सिक्सलेन पर निर्माणाधीन कंपनी ओरियंटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की छवि कैद हो गई थी, लेकिन अपराधियों की गिरफ्तारी के नाम पर चार दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। दिनदहाड़े हुई घटना और चोरियों के खुलासे न होने से जनता में दहशत है।