फिरोजाबाद/मक्खनपुर/कठफोरी। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में डीसीएम के परिचालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आगरा के थाना शमशाबाद अंतर्गत धर्मपाल सिंह की गढ़ी निवासी प्रकाश (35) पुत्र भगवान सिंह डीसीएम चालक है। वह शनिवार को डीसीएम में गोभी भरकर हेल्पर बॉबी उर्फ करन (22) पुत्र बाबूलाल धाकरे के साथ लखनऊ जा रहा था।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर थाना नसीरपुर क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 57.80 किलोमीटर पर अचानक डीसीएम का टायर फट गया। टायर फटने से डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में परिचालक बॉबी की मौके पर ही मौत हो गई। चहीं चालक प्रकाश सिंह (35) पुत्र भगवान सिंह घायल हो गया। सूचना पर थानाध्यक्ष नसीरपुर प्रवींद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिचालक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
इधर, थाना मक्खनपुर के रूपसपुर के समीप शुक्रवार रात एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार राहुल कुमार (28) पुत्र दशरथ सिंह निवासी अजनौरा, थाना जसवंतनगर, इटावा की मौत हो गई। वहीं उसका चचेरा भाई अनुज घायल हो गया। बताया जा रहा है कि राहुल अपने भाई के साथ अपनी ससुराल आसफाबाद आया था और लौटते समय हादसा हो गया।
इधर, थाना सिरसागंज के टोडसी के समीप शुक्रवार शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आकर ऑटो चालक वेदप्रकाश (55) पुत्र रामनाथ निवासी ग्राम रुरिया थाना नगला खंगर की मौत हो गई। सूचना पर कठफोरी चौकी प्रभारी मोहर सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिए।