फिरोजाबाद/नारखी। फर्जी नंबर की टाटा 407 में मॉल लोड कर चालक गाड़ी सहित कई दिनों से लापता है। पीड़ित ट्रांसपोर्ट संचालक ने मॉल हरिद्वार में नहीं पहुंचने पर थाना नारखी पुलिस को तहरीर दी। ट्रांसपोर्ट संचालक ने टाटा 407 का नंबर की खोजबीन की तो वह नंबर लोडर टेंपों का निकला है।
थाना नारखी के मोईनउद्दीनपुर निवासी संतोष कुमार पुत्र बलवीर सिंह जलेसर रोड स्थित थाना नारखी की ब्रहमदेव पुलिस चौकी के पास बीएस यादव ट्रांसपोर्ट एवं कमीशन एजेंसी के नाम से ट्रांसपोर्ट का संचालन करते हैं। संतोष कुमार का कहना है कि 13 दिसंबर को सुंदर नामक टाटा 407 गाड़ी लेकर आया था। गाड़ी पर एल्युमीनियम कैप के 345 बॉक्स श्री कल्यान इंडस्ट्रीज शिकोहाबाद से हरिद्वार के लिए लोड कराए थे। गाड़ी चालक माल को लोड करके वहां से निकल गया था। गाड़ी हरिद्वार नहीं पहुंची तो पीड़ित ट्रांसपोर्ट संचालक ने थाना नारखी पुलिस में गाड़ी चालक के गायब होने की तहरीर दी। 17 दिसंबर को हाथरस में जाकर एआरटीओ कार्यालय में जब टाटा 407 का नंबर चेक कराया तो वह लोडिंग टेंपो का निकला। चालक के सभी मोबाइल नंबर बंद जा रहे हैं। पीड़ित ने थाना नारखी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।