विजय दीक्षित (मृत शिव मंदिर के पुजारी का फाइल फोटो)
- फोटो : FIROZABAD
एका (फिरोजाबाद)। नगर पंचायत एका के कुशवाह नगर स्थित शिवमंदिर के पुजारी का शव सोमवार सुबह मंदिर के पास स्थित आवास पर मिला। उनके शरीर पर चोट के कई निशान थे। कमरे में खून बिखरा पड़ा था। पुजारी का शव अर्द्धनग्नावस्था में पड़ा था। मृतक के नाना की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मौके पर एसएसपी अजय कुमार और सीओ के साथ थाने से फोर्स पहुंची। पुलिस ने कमरे से शराब की बोतल भी बरामद की है।
थाना एका के कुशवाह नगर शिव मंदिर के पुजारी विजय दीक्षित (45) पुत्र सतीश दीक्षित विगत 12 वर्ष पूर्व से ही मंदिर में रहते थे। सोमवार सुबह तकरीबन आठ बजे पुजारी विजय के साथी पारसनाथ यादव उनसे मिलने पहुंचे तो पुजारी का शव अर्धनग्नावस्था में मृत हालत में पड़ा था। इस पर पारसनाथ यादव ने घटना की जानकारी पुजारी के नाना रामसनेही पांडेय को दी। उन्होंने घटना की सूचना थाना एका पुलिस को दी। सूचना पर सीओ जसराना प्रीति सिंह एवं थानाध्यक्ष एका वीरेंद्रपाल सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की। लोगों ने बताया रविवार शाम मंदिर में पूजा अर्चना के बाद बाबा कमरे में सो गए थे। जानकारी पर एसएसपी अजय कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
विजय दीक्षित मृत अवस्था में मंदिर के पास आवास में मिले हैं। उनके शरीर में चोट के निशान थे। घटनास्थल पर ही शराब की बोतल मिली हैं। लोगों ने बताया है कि पुजारी शराब पीने के आदी थे। इनके परिजन उसी मोहल्ले में रहते हैं। इनकी किसी से रंजिश नहीं बताई गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के खुलासे के लिए टीमें लगा दी हैं।