नगलाबरी चौराहा स्थित हॉस्पीटल में महिला की मौत के बाद परिजनों को समझाती पुलिस
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के नगला बरी स्थित एक निजी अस्पताल में रविवार की दोपहर प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने चिकित्सक और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य गेट का शीशा तोड़ दिया। इस दौरान स्टाफ मौके से भाग गया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
थाना खैरगढ़ के भैंसाखर निवासी करिश्मा (28) पत्नी मुकेश कुमार के रविवार को दोपहर प्रसव पीड़ा हुई थी। परिजन उसे थाना रसूलपुर क्षेत्र के नगला बरी स्थित प्राइवेट अस्पताल में लाए थे। यहां महिला की प्रसव होने के साथ बेटी को जन्म दिया। इसके बाद तुरंत बाद ही महिला की मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही परिजन भड़क गए और डॉक्टर और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अस्पताल के मुख्य गेट का शीशा आदि तोड़ दिया। मृतका की जेठानी का आरोप है कि प्रसव कराने के लिए वह देवरानी को सरकारी अस्पताल में ले गई थी, वहां ऑपरेशन की कोई व्यवस्था नहीं होने की बात कह कर कर्मचारियों ने कहीं और ले जाने को कह दिया था। देवरानी की मौत प्राइवेट अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से हुई है। इस दौरान थाना रसूलपुर एसएचओ फतेह बहादुर सिंह भदौरिया पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाकर किसी तरह शांत कराया। उन्होंने बताया कि प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई है। मृतका के परिजन यदि तहरीर देंगे तो मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।