मक्खनपुर (फिरोजाबाद)। थाना मक्खनपुर के गांव अंगदपुर में महिला के शव को कब्रिस्तान के बजाय ग्रामसभा की भूमि में दफनाने पर प्रशासन ने रुकवा दिया। जानकारी पाकर शिकोहाबाद तहसील के नायब तहसीलदार व लेखपाल और थाना पुलिस पहुंच गई। थाना मक्खनपुर के गांव अंगदपुर निवासी शायरा बेगम पत्नी निन्नू खां की मौत हो गई थी। इसके बाद परिजन शव दफनाने के लिए गांव के बाहर ले गए। बताते हैं कि महिला के शव को कब्रिस्तान के बजाय ग्रामसभा की भूमि में में दफनाना शुरू कर दिया।
इसकी जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को दे दी। शिकोहाबाद के नायब तहसीलदार, कानूनगों व लेखपाल विवेक यादव पहुंच गए। उन्होंने शव को ग्रामसभा की भूमि पर दफन होने से रोक दिया। लेखपाल विवेक यादव का कहना है कि जिस जमीन पर महिला के शव का दफीना करना चाहते थे, वह ग्राम सभा अदमपुर की है। जबकि महिला गांव अंगदपुर की है। अंगदपुर के ग्रामीण शवों का अंतिम संस्कार अपने खेतों में करते चले आ रहे हैं। प्रशासन द्वारा रोकने के बाद परिजन शव को अपने खेत पर ले गए हैं।