फिरोजाबाद/सिरसागंज। थाना सिरसागंज के मदनपुर निवासी युवक खुद को कमरे में बंदकर फांसी के फंदे पर लटक गया। जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किबाड़ तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मदनपुर निवासी संतोष कुमार (28) पुत्र जसवीर सिंह ने रविवार रात में खुद को घर के कमरे में बंद करके कुंडे से फांसी का फंदा बनाकर उस पर लटक गया। परिजनों को इसकी जानकारी सुबह तब हुई जब किबाड़ बंद मिले और अंदर फंदे पर शव लटका देखा। थोड़ी देर में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची।
थाना प्रभारी निरीक्षक सिरसागंज गिरीशचंद्र गौतम ने ग्रामीणों की मदद से कमरे के किबाड़ तोड़ने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि युवक ने पारिवारिक कलह के चलते आत्मघाती कदम उठाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सिरसागंज गिरीशचंद्र गौतम ने बताया कि संतोष कुमार की शादी हो गई थी, लेकिन पत्नी पिछले चार वर्ष से अपने मायके में रह रही थी। पत्नी के नहीं आने के कारण परेशान रहने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया है।