शिकोहाबाद प्रेमपाल हत्याकांड में गिरफ्तार दंपती पुलिस हिरासत में।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद। रहचटी निवासी प्रेमपाल की हत्या में आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर मृतक का चश्मा और आधार कार्ड बरामद किया है। एसपी ग्रामीण राजेश कुमार ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि विगत पांच अगस्त को मुस्तफाबाद रोड स्थित नाले में एक बोरे में 50 वर्षीय प्रौढ़ का शव मिला था। शव की शिनाख्त रहचटी निवासी प्रेमपाल (50) पुत्र जोध सिंह के रूप में हुई थी। पुलिस ने गुमशुदगी को हत्या में तरमीम कर विवेचना शुरू की। जांच के लिए सीओ बल्देव सिंह खनेड़ा के नेतृत्व में एसओजी, थाना पुलिस और सर्विलांस की टीम गठित की गई थी। पुलिस ने बुधवार सुबह रामजीलाल और उसकी पत्नी रीना देवी को एटा चौराहे से पकड़ लिया।
पूछताछ में रामजीलाल ने बताया कि प्रेमपाल के उसकी पत्नी रीना से विवाहेत्तर संबंध थे। एक अगस्त की रात को उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा था। उसी रात उसने पत्नी के साथ मिलकर प्रेमपाल की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव बोरे में बंद कर दूसरे दिन नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने रामजीलाल और उसकी पत्नी रीना देवी निवासी मातावाली गली मुस्तफाबाद रोड शिकोहाबाद को जेल भेजा है। हत्या का खुलासा करने पर एसएसपी ने जांच टीम को दस हजार रुपये के इनाम की घोषणा की। जांच टीम में एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक अंजीश कुमार, राहुल यादव, आशीष शुक्ला, मुकेश कुमार शामिल रहे।
उधारी के रुपये मांगने पर बने विवाहेत्तर संबंध
एसपी ग्रामीण ने बताया कि प्रेमपाल ने रामजीलाल को कुछ रुपये उधार दिये थे। रामजीलाल ने रुपये वापस नहीं किए तो प्रेमपाल उसके घर रुपयों का तगादा करने जाने लगा। इस दौरान प्रेमपाल और रीनादेवी की नजदीकियां बढ़ गईं। एक अगस्त की रात रामजीलाल ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा तो उसने आपा खो दिया। उसने रीना के साथ मिलकर प्रेमपाल की गला दबाकर हत्या कर दी।