फिरोजाबाद/मक्खनपुर। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के सांती के समीप सोमवार रात को कंटेनर के चालक एवं क्लीनर को बदमाशों ने बंधक बनाकर लूटपाट की। बताते हैं कि बदमाश चालक एवं क्लीनर को पिटाई कर केबिन में डाल गए थे। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होने पर ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस चालक एवं क्लीनर को साथ ले गई। घटना के संबंध में इलाका पुलिस को तहरीर दी गई है।
कानपुर देहात के थाना रूरा के ऊंगा निवासी सर्वेंद्र कुशवाह पुत्र रामकिशन सोमवार को कानपुर स्थित कलकत्ता एक्सप्रेस ट्रांसपोर्ट से कंटेनर को लेकर दिल्ली के लिए चला था। क्लीनर उसके गांव का निवासी राकेश पुत्र बारेलाल भी साथ था। कंटेनर में असोम से प्लास्टिक भरकर लाए थे। बताते हैं कि चालक एवं क्लीनर ने थाना मक्खनपुर के रूपसपुर के पास कंटेनर को रोका और एक ढाबे पर खाना खाने के बाद कंटेनर की केबिन में सो गए। इसी दौरान कुछ बदमाश कंटेनर की केबिन में प्रवेश कर गए।
चालक एवं क्लीनर के हाथ-पैर बांधकर वह कंटेनर को सिक्सलेन बाईपास पर ले गए। विरोध करने पर दोनों की पिटाई कर नौ हजार की नकदी, मोबाइल फोन के साथ ही जैक लगाकर कंटेनर के चार पहिए खोलकर ले गए। बदमाश चालक एवं क्लीनर को केबिन में बंधक बनाकर डाल गए थे। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घटना से थाना पुलिस के साथ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस चालक एवं क्लीनर से पूछताछ कर अपने साथ ले गई। घटना के संबंध में कंटेनर के चालक की ओर से थाना मक्खनपुर पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने टायर, नकदी, मोबाइल चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घायल हुए चालक एवं क्लीनर का उपचार मक्खनपुर स्थित प्राइवेट अस्पताल में कराया है।
- मक्खनपुर क्षेत्र के रूपसपुर के समीप ढाबे पर कंटेनर के चालक एवं क्लीनर खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान कुछ लोग दोनों को बंधक बनाकर कंटेनर सहित ले गए और उनसे लूटपाट व मारपीट की। नकदी, मोबाइल एवं चार पहिया खोलने की तहरीर दी गई है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - राजेश कुमार, एसपी देहात।