फिरोजाबाद/सिरसागंज। थाना सिरसागंज के भूड़ा बरथरा में ग्रामीण ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा है। बताते हैं कि वह पिछले काफी दिनों से परेशान चल रहा था। थाना सिरसागंज के गांव भूड़ा बरथरा निवासी संजू (40) पुत्र श्रीराम ने सोमवार को देरशाम घर के अंदर फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। ग्रामीण को फांसी के फंदे पर लटका देखा मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। उन्होंने घटना की सूचना तत्काल इलाका पुलिस को दे दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सिरसागंज गिरीशचंद्र गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने बताया कि संजू की तबियत पिछले काफी दिनों से खराब चल रही थी। इसके कारण वह परेशान रहता था। थाना प्रभारी निरीक्षक सिरसागंज गिरीशचंद्र गौतम ने कहा कि मृतक काफी दिनों से दिमागी रूप से परेशान था। इसी कारण फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया है।