एका(फिरोजाबाद)। थाना एका के नगला धारा में ग्रामीण ने नीम के पेड़ पर फांसी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। इसकी जानकारी शुक्रवार को सुबह हुई तो काफी ग्रामीण एकत्रित हो गए। घटना की सूचना इलाका पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा है। मृतक के बेटा का कहना है कि जमीन पर कब्जा लेने के कारण आहत होकर आत्महत्या की है। पुलिस ने छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना एका के नगला धारा निवासी उदयवीर (50) पुत्र सरनाम सिंह शुक्रवार को खेतों की ओर गए तो देखा कि वह बाजरा के खेत में खड़े नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर झूल रहे थे। ग्रामीणों ने उदयवीर को फांसी के फंदे पर लटका देखा तो काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। इसकी सूचना इलाका पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा। थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा है।
एसओ एका रवींद्र सिंह ने कहा कि मृतक किसान उदयवीर सिंह के बेटे विक्रम सिंह ने दी तहरीर में कहा कि उसके पिता ने जमीन खरीदी थी। उक्त जमीन पर गांव के निवासी सर्वेश कुमारी पत्नी रनवीर सिंह, रनवीर सिंह पुत्र धनपाल उसके बेटे सचिन एवं अंकित तथा नगला पन्ना निवासी रामरसेवक पुत्र विजेंद्र सिंह एवं पुष्पेंद्र पुत्र रामसेवक ने कब्जा कर लिया था। इसके कारण मेरे पिता काफी परेशान थे। इसी के चलते उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज करके इसकी जांच शुरू कर दी है।