शिकोहाबाद। छत पर काम करते समय हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आकर युवक करंट लगने से झुलस गया। चीखपुकार पर युवक को बचाने आई ताई और भाई भी करंट लगने से झुलस गया। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। नगर के एक मोहल्ला निवासी भभूती सिंह के घर पर काम चल रहा है। मंगलवार सुबह भभूती का भतीजा आशीष (20) पुत्र दिनेश छत पर काम कर रहा था। तभी निकट से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के करंट प्रवाहित तार की चपेट में आकर वह झुलस गया।
युवक की चीख सुनकर छत पर पहुंची उसकी ताई उर्मिला (55) पत्नी भभूती और आशीष का छोटा भाई कन्हैया (18) ने आशीष को बचाने का प्रयास किया तो वे भी करंट लगने से झुलस गए। चीखपुकार पर मौके पर एकत्रित हुए मोहल्ले के लोगों ने तीनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।