इंदिरा नगर स्थित एक दुकान में चोरी की घटना के दौरान काटा गया जंगला
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना उत्तर के रैपुरा रोड स्थित सबमर्सिबल की दुकान का बृहस्पतिवार रात को अज्ञात चोर जंगला काटकर लाखों रुपये के कॉपर व बुश आदि चोरी कर ले गए। दुकान स्वामी को चोरी की जानकारी सुबह हो सकी। घटना के संबंध में थाना पुलिस को तहरीर दी है। थाना रामगढ़ क्षेत्र के किरन मैरिज होम वाली गली निवासी राजवीर सिंह पुत्र नेत्रपाल सिंह की रैपुरा रोड इंद्रानगर के पास सबमर्सिबल पंप की दुकान है। दुकान के निर्माण का काम चल रहा है। बृहस्पतिवार की रात को चोर दुकान की छत से होकर प्रवेश कर गए।
चोरों ने छत का जंगला काटकर नीचे रखे कॉपर के बुश सवा किलोग्राम के डिब्बे काफी मात्रा में चोरी कर ले गए। दुकान में चोरी होने की घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय हुई जब राजवीर दुकान में तराई करने पहुंचे थे। उन्होंने जंगले को टूटा देखने के साथ अंदर सामान बिखरा हुआ देखा तो अनहोनी की आशंका हुई। इसकी जानकारी आस-पास के लोगों को देने के साथ ही थाना पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के संबंध में पीड़ित राजवीर ने थाना उत्तर पुलिस को तहरीर दी है। एसओ उत्तर नीरज मिश्रा ने बताया कि रैपुरा रोड पर किसी दुकान में चोरी हो जाने की सूचना मिली है। मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।