फिरोजाबाद। थाना उत्तर के क्लब चौराहा स्थित बीयर के ठेका में चोरी के शक में ठेका संचालक ने दो नाबालिगों की पिटाई की और उन्हें दुकान में बंद कर दिया। बालकों के परिवार की महिलाओं को जानकारी हुई तो उन्होंने हंगामा किया। इसके बाद नाबालिगों को थाने ले जाया गया। क्लब चौराहे के पास बीयर का ठेका मान सिंह दिवाकर का है। मानसिंह के मुताबिक दुकान में ईंटों को हटाकर पांच हजार की नकदी और बीयर की कैन चोरी हो गईं। शनिवार को लॉकडाउन के दौरान ठेका की दुकान की तरफ दो बालक (एक नौ वर्ष, दूसरा 13 वर्ष) पहुंचे। उनके हाथ में कूड़ा बीनने का थैला था। बच्चों से पूछताछ की तो उन्होेंने अंदर कैसे घुस सकते हैं, इसकी जानकारी दी। चोरी शक में दोनों की पिटाई करने के साथ दुकान में बैठा लिया।
बताते हैं कि दोनों नाबालिग थाना रामगढ़ के बड़ा मिर्जा का नगला स्थित पुलिस कॉलोनी के पास के निवासी है। जानकारी हुई तो नाबालिगों के परिजनों ने ठेका पर हंगामा किया। ठेका संचालक बाद में दोनों नाबालिगों को थाना उत्तर ले गया। मामले की जांच करने एसएसआई प्रमोद कुमार, एसआई अलवीना पठान पहुंच गए। उन्होंने बच्चों की पिटाई करने व बंद करने पर ठेका संचालक को फटकार लगाई। एसओ उत्तर नीरज मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। वैसे दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है।