शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। मोहल्ला शंभूनगर से गाय चोरी कर ले जाते चार युवकों को लोगों ने पकड़ लिया। पिटाई करने के बाद लोगों ने आरोपियों को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस हिरासत में लिए युवकों से पूछताछ कर रही है। मोहल्ला शंभूनगर निवासी अतुल कुमार यादव की गाय विगत बुधवार को चोरी हो गई थी। तभी अतुल गाय की तलाश कर रहा था।मंगलवार को एक युवक और तीन किशोर उनके घर के पास आए और वहां घूम रही गाय को पकड़ कर बांधने लगे। यह देखकर लोगों को शक हुआ और वे युवक और किशोरों पर नजर रखने लगे। इस दौरान मौका पाकर युवक और किशोर गाय को बांधकर ले जाने लगे।
इस पर लोगों ने घेराबंदी कर युवक और किशोरों को पकड़ लिया और जमकर पीटा। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया वे मक्खनपुर क्षेत्र के गांव अंगदपुर के रहने वाले हैं और पहले भी क्षेत्र से गाय चोरी कर चुके हैं। पूछताछ में युवकों ने अतुल कुमार की गाय चोरी करने की बात स्वीकार की। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवकों को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में चौकी प्रभारी ओमपाल सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।