थाना लाइनपार क्षेत्र में गोली कांड की घटना में युवक की मौत के बाद जिला अस्पताल में परिजनों से पूछ?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना लाइनपार के छारबाग में तमंचे से चली गोली युवक को लग गई। गंभीर हालत में घायल को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पहले परिजन घटना को छिपाने की कोशिश करते रहे। सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी ने गहनता से पूछताछ की तो बड़े भाई ने स्वीकारा कि उससे तमंचे से गोली धोखे से चल गई और गोली लगने से उसके छोटे भाई की मौत हो गई। पुलिस ने तमंचा बरामद कर लिया है। एसपी सिटी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
आगरा के थाना फतेहाबाद गांव हिमायूंपुर एवं हाल निवासी फिरोजाबाद के थाना लाइनपार छारबाग रक्षपाल सिंह बघेल (20) पुत्र निहाल सिंह बघेल को रविवार को संदिग्ध हालात में गोली लग गई। परिजन घायल रक्षपाल को लेकर सरकारी टॉमा सेंटर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के संबंध में मृतक के भाई राजेश ने बताया कि सोफीपुर के पास रक्षपाल को गोली लग गई थी। कड़ाई से पूछताछ करने पर राजेश ने घटनास्थल घर (छारबाग) पर होने की जानकारी दी।
परिजनों द्वारा सही जानकारी नहीं देने पर थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी एसपी सिटी को दी। सूचना पर एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मृतक के भाई राजेश से गहनता से पूछताछ की तो उसने स्वीकारा कि वह तमंचा देख रहा था। तभी धोखे से गोली चल गई और सामने खड़े छोटे भाई रक्षपाल को लग गई। इसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घर से तमंचा बरामद कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल में भेज दिया है।