फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र के भीकनपुर निवासी दो सगी बहनों के साथ उनके ससुरालीजनों ने मारपीट की। आरोप है कि छोटी बहन को मकान की छत से नीचे फेंक दिया। जानकारी होने पर उनके पिता उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचा। पिता का कहना है कि शादी के बाद से ही उसकी बेटियों को परेशान किया जा रहा है। थाना उत्तर के जलेसर रोड भगवाननगर निवासी राजू कश्यप ने अपनी दो बोटियां तनु एवं खुशबू की शादी जनवरी 2020 में थाना रामगढ़ के भीकनपुर निवासी विकास एवं आकाश पुत्रगण नेत्रपाल सिंह के साथ की थी। राजू कश्यप का कहना है कि उसकी छोटी बेटी तनु का विकास से विवाद हो गया था।
विवाद होने के बाद आठ दिन पूर्व ही महिला थाने से समझौता होने के बाद तनु को ससुराल भेजा था, लेकिन इसके बाद भी ससुरालीजन परेशान कर रहे हैं। राजू कश्यप का आरोप है कि बृहस्पतिवार को सुबह बेटी तनु फोन पर बात कर रही थी। इसी बात को लेकर उसके पति ने मारपीट की और छत से फेंकने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तनु के साथ मारपीट किए जाने का विरोध जब उसकी बहन खुशबू ने किया तो उसके पति ने मारपीट कर दी। इसके कारण दोनों को चोट लगी है। घायल सगी बहनों तनु एवं खुशबू को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर लाए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ श्याम सिंह ने कहा कि भीकनपुर में सगी बहनों के साथ मारपीट किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।