जसराना तहसील में व्यापारियों के साथ बैठक करते एसडीएम कुमार चंद्र
- फोटो : FIROZABAD
जसराना(फिरोजाबाद)। दुकानदारों द्वारा मास्क न लगाने एवं दुकानों के आगे अतिक्रमण करने पर एसडीएम जसराना ने तहसील सभागार में व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में व्यापारियों से समस्यायों को लेकर मंथन किया। वहीं कोरोना को रोकने में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। एसडीएम जसराना कुमार चंद्र ने व्यापारियों से कहा कि हलवाई अपनी दुकानों पर ही नाश्ता करा रहे हैं जो गलत हैं। हलवाई पैकिंग करके दें। सभी दुकानदार अपनी दुकानों पर मास्क लगाकर बैठें। बिना मास्क के आने वाले ग्राहक को सामान न दें, सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए गोले बनाएं।
इस दौरान दुकानों पर हाथ धोने का इंतजाम करने के साथ सैनिटाइजर की व्यवस्था रखें। उन्होंने कहा कोरोना की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। सरकार द्वारा दी जा रही छूट का गलत फायदा न उठाएं। एसडीएम ने कहा दुकानदार अपनी दुकानों के सामने अतिक्रमण न होने दें। साप्ताहिक बंदी के दिन दुुकानें बंद रखें। निर्देशों का पालन न करने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिशाषी अधिकारी आलोक रंजन के आदेश न मानने वाले दुकानदारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में तहसीलदार ब्रहमानंद कठेरिया, अधिशाषी अधिकारी आलोक रंजन, व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता, नवीन शिवहरे, दिलीप बैजल, सुनील वर्मा, संजीव सिंघल, पारस जैन, प्रमोद वर्मा, दुर्वेश झा, कल्लू गुप्ता आदि मौजूद रहे।