शिकोहाबाद बालू से भरे ट्रकों को रोक कर जंच करते एसडीएम नरेंद्र सिंह।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। एसडीएम नरेंद्र सिंह ने माफियाओं के खिलाफ अभियान चला दिया है। चाहे खनन माफिया हो या बालू माफिया। सभी के खिलाफ एसडीएम की छापामार कार्रवाई तेजी से चल रही है। जिसकी वजह से अवैध कारोबार करने वालों में एसडीएम का खौफ दिखाई देने लगा है। बुधवार सुबह सात बजे एसडीएम गुप्त सूचना पर नौशहरा के समीप पहुंचे। यहां 12 से अधिक ट्रक बालू से भरे खड़े थे। सभी ट्रक ओवर लोड थे। इस पर एसडीएम ने थाना पुलिस और एआरटीओ कार्यालय से अधिकारियों को बुला कर सभी ट्रकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी की इस कार्रवाई की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में बालू कारोबार से जुड़े लोग एकत्रित हो गए। इस दौरान एडीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी को हड़काया। चेतावनी दी अगर दोबारा ओवर लोड ट्रक मिले तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके बाद एआरटीओ कार्यालय के कर्मचारियों ने ओवर लोड ट्रकों के चालान काटे।
नौशहरा के समीप हाईवे पर बालू की मंडी लगती है। मध्य प्रदेश से बालू लेकर आने वाले ट्रक यहां हाईवे किनारे खड़े हो जाते हैं, जिससे हर समय हादसा होने की संभावना बनी रहती है, लेकिन स्थानीय पुलिस प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं देता है। जब कोई हादसा हो जाता है, तब इसकी याद आती है, लेकिन एसडीएम की इस कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है।