शिकोहाबाद। मुकदमा वापस न लेने पर शिक्षक दंपती के साथ आरोपियों ने मारपीट कर दी। शिक्षक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ और लूट की घटना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सागर एंक्लेव निवासी रंजीत यादव के घर में विगत 21 मार्च को कुछ युवक घर में घुस आए। इस दौरान आरोपियों ने रंजीत यादव और उनके पिता कमलेश यादव के साथ मारपीट कर दी। मामले में रंजीत की पत्नी प्रतीक्षा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने अनुराग महाजन उर्फ मोंटू, आशीष उर्फ अंशू महाजन, शिवम यादव, लबी यादव, रिषभ यादव, अवनीश यादव उर्फ चेला, लवली यादव, शिवम यादव और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से आरोपी मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि विगत 14 मई को रात साढ़े आठ बजे अनुराग और आशीष अपने अन्य साथियों के साथ कार से रंजीत के घर आए और गालीगलौज करने लगे। इस पर प्रतीक्षा अपने पति रंजीत के साथ थाने में शिकायत करने जाने लगी। इस पर आरोपियों ने शिक्षक दंपती के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने प्रतीक्षा के साथ अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ कर दी। इस दौरान आरोपी शिक्षक दंपती से तकरीबन दस हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटकर ले गए। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपी भाग खड़े हुए। मामले में प्रतीक्षा की तहरीर पर थाना ने आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ और लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।