फिरोजाबाद/मक्खनपुर। हरियाणा के सोनीपत से बिहार के पटना ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक मक्खनपुर पुलिस एवं एसओजी टीम ने चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। बीस लाख कीमत की शराब को वाशिंग पाउडर के कार्टून में छिपाकर ले जाया जा रहा था। थाना पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
सीओ शिकोहाबाद इंदुप्रभा ने थाना मक्खनपुर पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि एसएसपी सचिंद्र पटेल के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान जिले में चलाया जा रहा था। जिसके तहत मक्खनपुर के एसएसआई राजेश कुमार, एसआई अमित कुमार त्यागी एवं एसओजी टीम प्रभारी कुलदीप सिंह के साथ कृष्णा रेस्टोरेंट बाईपास रोड पर चेकिंग करने लगे। इस दौरान वाशिंग पाउडर ले जा रहे ट्रक की चेकिंग कराई गई तो उसके अंदर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां मिलीं।
उन्होंने कहा कि ट्रक में करीब तीन सौ पेटी विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के साथ करीब सौ पेटी बीयर की मिली है। सीओ शिकोहाबाद ने बताया कि शराब को हरियाणा के सोनीपत से ले जाकर बिहार के पटना पहुंचाना था। ट्रक से पकड़े गए हिमांचल प्रदेश के जिवा मंडी थाना बल्हरती के चुबाड़ी निवासी सुभाषचंद्र पुत्र शेर सिंह ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत से पटना तक शराब पहुंचाने के लिए 80 हजार रुपये मिलते हैं। सीओ ने बताया कि पकड़ी गई शराब का बाजार मूल्य बीस लाख रुपये से अधिक है।