सवर्णकार की दुकान में चोरी की घटना के दौरीन टूटा पड़ा शटर
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/मक्खनपुर। मक्खनपुर के बिल्टीगढ़ चौराहे पर चोरों ने सराफ की दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण समेत नकदी तथा अन्य सामान चोरी कर ली। वहीं चोर निकट स्थित शराब के ठेके में भी नकदी और शराब की पेटी चुरा ले गए। दो स्थानों पर चोरी के बाद चोरों ने किराना की दुकान एवं खोखे में भी चोरी का प्रयास किया। हालांकि सफलता नहीं मिल सकी। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है।
थाना मक्खनपुर के बझेराखुर्द निवासी महिपाल सिंह राजपूत पुत्र रक्षपाल सिंह की मक्खनपुर के बिल्टीगढ़ चौराहे पर करिश्मा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार देरशाम वह प्रतिदिन की भांति दुकान बंद करके घर चले गए। देर रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर 42 जोड़ी चांदी की पायल व ढाई किलोग्राम चांदी,12 ग्राम सोने की लौंग,दस ग्राम पुराना सोना एवं आठ हजार की नकदी चोरी कर ली। वहीं निकट स्थित शिकोहाबाद निवासी देवेंद्र बघेल के देशी शराब के ठेके का ताला तोड़कर चोर ढाई पेटी देशी शराब, 29 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह ताले और शटर टूटा देखकर लोगों ने घटना की जानकारी महिपाल और देवेंद्र बघेल को दी।
सूचना पर दोनों मौके पर पहुंच गए और सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। महिपाल और ठेके के सेल्समैन भगवान सिंह बघेल ने तहरीर दी है। इधर, जांच में पुलिस को जानकारी हुई कि चोरों ने ग्राम बिल्टीगढ़ निवासी रिंकू दिवाकर की मुस्कान किराना स्टोर और दाताराम के खोखे को भी तोड़ने का प्रयास किया था। हालांकि चोर सफलता हासिल नहीं कर सके। एसएचओ विनय कुमार मिश्र का कहना है कि स्वर्णकार की दुकान सहित दो दुकानों में चोरी की घटना हुई है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।